द फॉलोअप टीम, डेस्कः
पाकिस्तान को हराकर आस्ट्रेलिया की टीम ने टी20 विश्व कप 2021 के फाइनल में जगह बना ली है और बुधवार को अबूधाबी से न्यूजीलैंड भी इंग्लैंड को हराकर पहले ही फाइनल में पहुंच चुका है। गौरतलब है कि दोनों टीमों ने इससे पहले कभी भी टी20 विश्व कप खिताब नहीं जीता है। इससे यह तो तय हो गया है कि इस बार दुनिया को नया टी20 विश्व कप चैंपियन मिलेगा। रविवार 14 नवंबर को दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच खिताबी भिड़ंत होगी।
पाकिस्तानी टीम के साथ समर्थकों को मिली निराशा
गौरतलब है कि दूसरे सेमीफाइनल के लिए दुबई का स्टेडियम पाकिस्तानी समर्थकों से खचाखच भरा हुआ था, लेकिन पाकिस्तानी फैंस को निराशा हाथ लगी, क्योंकि मैथ्यू वेड ने 17 गेंद पर नाबाद 41 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलकर आस्ट्रेलिया को छह गेंद शेष रहते पांच विकेट से जीत दिला दी। इसी के साथ पाकिस्तान का सफर इस मेगा इवेंट से समाप्त हो गया।

दोनों फाइनलिस्ट का सफर एक जैसा
इस टूर्नामेंट के दोनों सेमीफाइनल में रोमांचक भरपूर रहा। बुधवार को अबूधाबी में खेले गए पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को इंग्लैंड से जीतने के लिए 24 गेंदों पर 57 रनों की जरूरत थी और जिमी नीशाम ने 11 गेंदों पर 27 रन बनकर मैच पलट दिया था। इसके बाद डैरिल मिचेल ने 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर चौका मारकर अपनी टीम को छह गेंद शेष रहते पांच विकेट से जीत दिला दी थी। वहीं गुरुवार को दुबई में दूसरे सेमीफाइनल में आस्ट्रेलिया को आखिरी चार ओवर में 50 रन की जरूरत थी। आस्ट्रेलियाई विकेटकीपर वेड ने पाकिस्तान के सबसे अच्छे तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी के 19वें ओवर की आखिरी तीन गेंदों पर तीन छक्के लगाकर अपनी टीम को छह गेंद शेष रहते पांच विकेट से जीत दिला दी।