द फॉलोअप टीम, रांची:
भारत और न्यूजीलैंड के बीच झारखंड की राजधानी रांची में प्रस्तावित टी ट्वेंटी मैच पर संकट का बादल मंडराने लगा है। मामला होटल रेडिशन ब्लू की बुकिंग को लेकर फंसा है। गौरतलब है कि 19 नवंबर को रांची में मुकाबला होना है। अभी तक रांची में जितने भी अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले हुए हैं उनमें टीम इंडिया विपक्षी टीम सहित होटल रेडिशन ब्लू में ही रूकती आई है लेकिन इस बार मामला थोड़ा अलग है। दरअसल बिहार के एक आईएएस अधिकारी ने अपनी शादी के लिए 19 और 20 नवंबर को होटल की बुकिंग की है। वो अपनी बुकिंग कैंसिल करने को राजी नहीं है।
59 कमरे उपलब्ध कराने को तैयार है रेडिशन ब्लू!
मिली जानकारी के मुताबिक जेएससीए के अधिकारियों के साथ वार्ता के बाद रेडिशन ब्लू 59 कमरे उपलब्ध कराने को तैयार हो गया है लेकिन अभी और कमरों की जरूरत है। इस मसले को लेकर द फॉलोअप ने झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव संजय सहाय से बातचीत की। उन्होंने कहा कि फिलहाल रेडिशन ब्लू के प्रबंधन से बातचीत जारी है। वे कुछ कमरे देने पर राजी हैं। संजय सहाय ने कहा कि होटल ने जानकारी दी है कि उपर्युक्त आईएएस अधिकारी की बुकिंग पहले से है। बुकिंग कैंसिल करना या ना करना उनकी मर्जी पर है। क्या आईएएस अधिकारी से कोई बातचीत हुई है। इसके जवाब में संजय सहाय ने कहा कि उनकी फिलहाल होटल प्रबंधन से वार्ता जारी है।

बीसीसीआई रेडिशन ब्लू के अलावा राजी ही नहीं
जेएससीए संजय सहाय ने बताया कि बीसीसीआई की रिक्वायरमेंट होटल रेडिशन ब्लू ही है। वीनू मांकड़ ट्रॉफी के वक्त बीसीसीआई ने रेडिशन ब्लू में बायो-बबल बनाया था। बीसीसीआई के अधिकारी तैयारियों से संतुष्ट थे, इसलिए वे किसी और होटल पर राजी नहीं होंगे। जेएससीए की हरसंभव कोशिश होगी कि किसी भी कीमत पर मैच का आयोजन हो क्योंकि यहां आखिरी बार 2019 में अंतर्राष्ट्रीय मैच हुआ था। वहीं बात टी ट्वेंटी क्रिकेट की करें तो आखिरी मुकाबला साल 2017 में खेला गया था। मतलब ये है कि इंडिया-न्यूजीलैंड टी ट्वेंटी मैच से 4 साल बाद यहां टी ट्वेंटी क्रिकेट की वापसी होने वाली है। इस बीच सवाल केवल होटल में कमरों का नहीं है बल्कि बायो-बबल का भी है।
निजी कार्यक्रम का वैन्यू बदल सकता है मैच का नहीं
गौरतलब है कि मामले में कांग्रेस नेता आदित्य विक्रम जायसवाल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक हैं। वे चाहें तो स्थिति में बदलाव किया जा सकता है। हालांकि, अभी तक जेएससीए के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस संबंध में वार्ता की है या नहीं, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है। मामले में अधिकारी का पक्ष भी सामने नहीं आ सका है। हालांकि, जेएससीए के उपाध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव ने प्रभात खबर से बातचीत में कहा है कि रांची को मैच की मेजबानी मिलना गर्व की बात है। अंतर्राष्ट्रीय मैच होना गर्व की बात है। यदि किसी वजह से इसे शिफ्ट करना पड़ता है तो शर्मनाक बात होगी। अधिकारी से अपील है कि वे राष्ट्रीय गर्व को ध्यान में रखकर वैन्यू में बदलाव कर लें। उन्होंने कहा कि निजी कार्यक्रम का वैन्यू बदला जा सकता है लेकिन मैच का नहीं।