logo

रांची में दो दिन तक क्या रहेगा क्रिकेटर्स का फूड चार्ट... इसबार धुस्का का मजा नहीं ले पाएंगे खिलाड़ी 

15066news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची:

कल रांची में भारत और न्यूजीलैंड का मैच होने वाला है, खेल प्रेमियों में इसे लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। आज टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के खिलाड़ी रांची पहुंचेंगे। होटल रेडिसन ब्लू में दोनों टीमों के खिलाड़ी रूकेंगे। अब लोगों के मन में तरह तरह के सवाल उठ रहे हैं कि आखिरकार खिलाड़ी क्या खाऐंगे और उनके डिनर, ब्रेक फास्ट और लंच की क्या तैयारी है। तो इस आर्टिकल में हम आपको पूरी डिटेल्स देंगे कि आखिरकार खिलाड़ियों के खाने रहने की क्या व्यवस्था है। रेडिसन ब्लू के हेड शेफ रामचंद्र उरांव ने बताया खिलाड़ियों के लिए दिल्ली से ग्लूटेन फ्री ब्रेड, कोलकाता से ग्रीक योगर्ट, पोर्ट मिल्क, आमंड मिल्क, इंपोर्टेड चीज, एडम ब्री मंगाए गए हैं।  


झारखंड का  खाना नहीं रहेगा
कल मैच के बाद डिनर स्टेडियम में ही सर्व होगा। इस बार झारखंड का कोई व्यंजन मेन्यू में नहीं रहेगा। हर बार मेहमानों को धुस्का जरूर परोसा जाता है, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। BCCI के डाइट चार्ट में इसका जिक्र नहीं है। डिनर में ज्वार-बाजरे की रोटी, ग्रिल्ड चिकन, गोवन फिश करी, मिक्स सब्जी, चावल-दाल और न्यूजीलैंड की टीम को हंगेरियन लैंब स्टू, बुके दी लेग्युम, रोस्टेड मिक्स वेज, ग्लूटेन फ्री मल्टीग्रेन ब्रेड और चावल दिए जाएंगे। वहीं नाश्ते में बेक्ड बींस, दलिया, लेग्युम, रेशेदार खाना, जूस रहेगा। 

 स्टाफ 5 दिन से क्वारंटाइन

कोरोना महामारी को देखते हुए काफी सर्तकता बरती जा रही हैय़ होटल में खिलाड़ी बायो बबल में रहेंगे। खिलाड़ियों को सर्विस देने वाले 50 स्टाफ 5 दिन पहले से क्वारैंटाइन हैं। खिलाड़ियों के जाने के बाद ही सभी स्टाफ अपने घर जा सकेंगे। होटल का लॉबी एरिया, स्वीमिंग पूल सिर्फ  खिलाड़ियों के लिए होगा। होटल के मैनेजर  ने बताया तीन दिनों तक होटल का रेस्त्रां आम लोगों के लिए बंद होगा। 20 नवंबर की दोपहर से इसे फिर से खोला जाएगा।