logo

21 अगस्त को रांची पहुंचेगी वर्ल्ड नंबर-1 तीरंदाज दीपिका कुमारी, हो रही है भव्य स्वागत की तैयारी

11918news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 

विश्व की नंबर वन तीरंदाज दीपिका कुमारी 21 अगस्त को रांची लौट रही हैं। दीपिका का रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत किया जाएगा। दीपिका की स्वागत की तैयारी चल रही है। गौरतलब है कि भारतीय जनतंत्र मोर्चा की तरफ से एयरपोर्ट पर दीपिका का स्वागत किया जाएगा। दीपिका लंबे समय बाद अपने गृहराज्य लौट रही हैं।

 

विश्व चैंपियनशिप में जीता था 3 गोल्ड मेडल
दीपिका कुमारी कई महीनों से झारखंड से बाहर हैं। पहले वो विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए पेरिस गई थीं। पेरिस में दीपिका कुमारी ने व्यक्तिगत, टीम और मिश्रित युगल स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता। विश्व चैंपियनशिप में दीपिका ने जिस तरीके का प्रदर्शन किया था उससे ये उम्मीद जताई जा रही थीं कि वो टोक्यो ओलंपिक में भारत को तीरंदाजी में जरूर पदक दिलाएंगी। हालांकि दीपिका का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा। 

टोक्यो ओलंपिक्स में उम्मीदों को लगा था झटका
दीपिका टोक्यो ओलंपिक्स 2020 में दक्षिण कोरिया की तीरंदाज के हाथों क्वार्टर फाइनल में हार गईं। दीपिका ने महाराष्ट्र के प्रवीण जाधव के साथ मिश्रित युगल स्पर्धा में भी भाग लिया था लेकिन यहां इस भारतीय जोड़ी को कोरियाई टीम के हाथों हार का सामना करना पड़ा। हालांकि दीपिका एक बेहतरीन तीरंदाज हैं इसमें दो मत नहीं है। 

भारतीय जनतंत्र मोर्चा करेगा दीपिका का स्वागत
भारतीय जनतंत्र मोर्चा के अध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी ने जानकारी दी है कि 21 अगस्त को तीरंदाज दीपिका कुमारी अपने शहर रांची आ रही हैं। उनके स्वागत की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। रांची के बिरसा  मुंडा एयरपोर्ट पर मोर्चा के पदाधिकारी उनका स्वागत करेंगे। उनके अनुसार दीपिका के साथ मोर्चा के पदाधिकारी उनके गांव  तक  जायेंगे।