रांचीः
राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स में झारखंड की सुप्रीति कच्छप ने कांस्य पदक जीता है। भारतीय एथलेटिक्स संघ द्वारा 11 से 15 नवंबर तक असम के गुवहाटी में यह प्रतियोगिता आयोजित है। सुप्रीति ने 5000 मीटर में यह पदक जीता है। सुप्रीति कच्छप (Athlete Supriti Kachhap) राष्ट्रीय स्तर पर एक दर्जन मेडल जीत कर कई रिकार्ड अपने नाम कर चुकी हैं। पहले दिन ही सुप्रीति कच्छप ने बालिका अंडर-20 आयु वर्ग में 5000 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन किया। 17:05.64 सेकेंड का समय लेते हुए कांस्य पदक जीता। उसकी इस उपलब्धि पर खेल निदेशक सरोजनी लकड़ा समेत संघ के पदाधिकारियों ने बधाई दी है।

कौन है सुप्रीति कच्छप
सुप्रीति कच्छप झारखंड के जिला गुमला की रहने वाली है। 19 साल की सुप्रीति एथलीट है और अब तक कुल 14 नेशनल टूर्नामेंट जीत चुकी है। हाल ही में पंचकूला में हुए खेलो इंडिया यूथ गेम्स (Khelo India Youth Games) में स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही सुप्रीति ने एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (Athletics Federation of India) का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किया था। सुप्रीति हवा की तरह तेज दौड़ती हैं। उन्होंने 3000 मीटर लंबी दौड़ को महज 9 मिनट 46.14 सेकेंड्स में पूरा कर लिया था।
