डेस्क:
फेडरेशन इंटरनेशनेल डी फुटबॉल एसोसिएशन (FIFA) ने ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) पर लगाए बैन को हटा दिया है। FIFA अंडर-17 विमेंस वर्ल्ड कप (FIFA U-17 Women's World Cup) का रास्ता साफ हो गया है। अंडर-17 विमेंस वर्ल्ड कप अपने तय कार्यक्रम को अनुसार आयोजित किया जाएगा। इस टूर्नामेंट का आयोजन 11 से 30 अक्टूबर तक भुवनेश्वर, गोवा और मुंबई में होना है। बता दें कि फीफा अंडर-17 विमेंस वर्ल्ड कप टीम में झारखंड (Jharkhand) की भी अंजलि मुंडा, सलीना कुमारी, सुधा अंकिता टिर्की, अस्टाम ओराव, पूर्णिमा कुमारी, नीतू लिंडा और अंकिता कुमारी भी 33 खिलाड़ियों में शामिल हैं।

थर्ड पार्टी के प्रभाव से नाराज था FIFA
बता दें कि 15 अगस्त को FIFA ने AIFF को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था। फीफा ने अपनी प्रेस रिलीज़ में कहा, ‘फीफा काउंसिल ने ऑल इंडिया फुटबॉल एसोसिएशन को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करने का फैसला लिया है क्योंकि इसमें थर्ड पार्टी का प्रभाव है, जो फीफा के नियमों का घोर उल्लंघन है। यह बैन तभी वापस लिया जाएगा जब AIFF की सभी शक्तियां सही एडमिनिस्ट्रेटर्स के हाथ में होंगी और बोर्ड के संविधान को सही तरीके से लागू किया जाएगा’। FIFA ने चेतावनी दी थी- 'जल्द ही हस्तक्षेप बंद नहीं हुआ तो भारत से फीफा अंडर-17 विमेंस वर्ल्ड कप भी छीना जा सकता है।'

सुप्रीम कोर्ट ने COA को किया भंग
बैन के मामले पर सुप्रीम कोर्ट में 22 अगस्त को सुनवाई हुई। अदालत ने अगले आदेश तक मई में बनाई गई तीन सदस्यीय कमेटी ऑफ एडमिनिस्ट्रेटर्स (COA) को भंग कर दिया। साथ ही कहा कि COA अगले आदेश तक AIFF के मामलों में दखल नहीं देगी। FIFA ने कहा कि वह और AFC (Asian Football Federation) हालात की मॉनिटरिंग करना जारी रखेंगे और समय पर चुनाव कराने में AIFF का सपोर्ट करेंगे।