डेस्क:
ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन( AIFF) को बड़ा झटका लगा है। FIFA ने AIFF को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। अब भारत में 11 से 30 अक्टूबर के बीच प्रस्तावित फीफा अंडर-17 विमेन वर्ल्ड कप (FIFA U-17 Women's World Cup) नहीं हो सकेगा। बता दें कि फीफा अंडर-17 विमेन वर्ल्ड कप टीम में झारखंड (Jharkhand) की भी अंजलि मुंडा, सलीना कुमारी, सुधा अंकिता टिर्की, अस्टाम ओराव, पूर्णिमा कुमारी, नीतू लिंडा और अंकिता कुमारी इन 33 खिलाड़ियों में शामिल थीं।

बैन वापस लेने के लिए बताया शर्त
फीफा ने अपनी प्रेस रिलीज़ में कहा, ‘फीफा काउंसिल ने ऑल इंडिया फुटबॉल एसोसिएशन को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करने का फैसला लिया है क्योंकि इसमें थर्ड पार्टी का प्रभाव है, जो फीफा के नियमों का घोर उल्लंघन है। यह बैन तभी वापस लिया जाएगा जब AIFF की सभी शक्तियां सही एडमिनिस्ट्रेटर्स के हाथ में होंगी और बोर्ड के संविधान को सही तरीके से लागू किया जाएगा’। फीफा ने आगे कहा, ‘सस्पेंशन का मतलब यह है कि 11 से 30 अक्टूबर 2022 को भारत में फीफा का अंडर-17 महिला फुटबॉल विश्वकप जो होना था, वह अब नहीं होगा और उसे कहीं और शिफ्ट कर दिया जाएगा। फीफा लगातार भारत सरकार के खेल मंत्रालय के संपर्क में है और आगे के एक्शन प्लान पर काम कर रहा है।’

फुटबॉल खिलाड़ियों का भविष्य खतरे में
अब देखने लायक बात होगी कि भारत सरकार के खेल मंत्रालय FIFA के इस फैसले पर कैसे प्रतिक्रिया करती है। भारत के फुटबॉल खिलाड़ियों का भविष्य खतरे में है। भारत पर बैन का मतलब, देश में फुटबॉल पर पूरी तरह रोक। अगले साल AFC एशियन कप भी होना है। बैन लगने के बाद अब भारतीय टीम किसी टूर्नामेंट में शिरकत नहीं कर पाएगी। कोई विदेशी खिलाड़ी ISL जैसे घरेलू टूर्नामेंट में खेलने भारत नहीं आ पाएगा।