logo

Asia Cup 2022 : भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराया, हार्दिक पंड्या बने जीत के हीरो

india_vs_pak_2.png

डेस्क:
भारत ने एशिया कप 2022(Asia Cup 2022) की शुरुआत शानदार जीत के साथ की है। भारत (India) ने अपने पहले मैच में पकिस्तान (Pakistan) को 5 विकेट से करारी हार दी। रविवार रात भारत ने अपने हार से हिसाब चुकता किया है। लगभग 10 महीने पहले दोनों टीमें इसी मैदान पर 24 अक्तूबर 2021 को टी20 वर्ल्ड कप (T-20 World Cup) में आमने-सामने हुई थीं। जब भारत को हार का सामना करना पड़ा था। 

हार्दिक पंड्या भारत की जीत के हीरो
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लेकर टीम इंडिया ने पाक के 19.5 ओवर में 147 रन पर ही ढ़ेर कर दिया। इसके जवाब में भारत ने 19.4 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया। हार्दिक पंड्या भारत की जीत के हीरो साबित हुए। उन्होंने गेंदबाजी में कमाल करते हुए तीन विकेट लिए, फिर दबाव भरे पलों में बेहतरीन पारी खेलते हुए 17 गेंदों पर 33 रन बनाए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। भारतीय टीम के इस शानदार जीत पर जहां पूरा देश जश्न मना रहा है वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने टीम इंडिया को बधाई दी है।


प्रधानमंत्री ने दी बधाई
भारतीय टीम की जीत पर प्रधानमंत्री मोदी ने टीम इंडिया को बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने पोस्ट में लिखा, 'टीम इंडिया ने आज एशिया कप 2022 मैच में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया। टीम ने शानदार कौशल और धैर्य का परिचय दिया। जीत पर उन्हें बधाई।'

भुवनेश्वर कुमार ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए
पहले गेंदबाजी करने वाली टीम इंडिया की ओर से मैच का पहला ओवर भुवनेश्वर कुमार करने आए और ओवर की दूसरी गेंद पर मोहम्मद रिजवान को अंपायर ने LBW आउट करार दे दिया, लेकिन रिव्यू लेकर वह बच गए। वहीं, ओवर की आखिरी गेंद पर रिजवान के खिलाफ बल्ले के बाहरी किनारे को लेकर जोरदार अपील हुई और रोहित शर्मा ने रिव्यू भी ले लिया। रिजवान दूसरी बार नॉटआउट करार दिए गए। वहीं पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम आज के मैच में कुछ खास नहीं कर सके। उनका विकेट भुवनेश्वर कुमार ने लिया। भारतीय गेंदबाजों के सामने पाक के बल्लेबाज 19.5 ओवर में 147 रन पर ही ढ़ेर हो गए। भारत की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। वहीं, हार्दिक पांड्या को तीन विकेट मिले। 


 भारत की शुरूआत अच्छी नहीं 
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के शुरूआत अच्छी नहीं रही। भारत को पहले ही ओवर में झटका लगा। 19 साल के डेब्यू कर रहे तेज गेंदबाज नसीम शाह ने पहले ओवर की दूसरी ही गेंद पर केएल राहुल को बोल्ड किया। पाकिस्तान पर दबाव बढ़ाने के चक्कशर में कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली आउट हो गए। दोनों का विकेट मोहम्मद नवाज ने झटका। कप्तान रोहित ने 12 रन बनाए तो वहीं, विराट के बल्ले से 34 गेंद में 35 रन निकले। एक बार फिर कोहली भारत के लिए मैच जिताऊ पारी नहीं खेल पाए। वहीं अखिरी ओवर में टीम को जीतने के लिए 7 रन चाहिए थे। पहली ही गेंद पर रवींद्र जडेजा बोल्ड हो गए। दूसरी गेंद पर दिनेश कार्तिक एक रन लेकर हार्दिक को स्ट्राइक दे दिया और पंड्या ने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई।