logo

आर्चरी वर्ल्ड कप में भारत ने जीता गोल्ड, झारखंड की दीपिका कुमारी ने किया कमाल

WhatsApp_Image_2026-05-10_at_4_53_56_PM.jpg

द फॉलोअप डेस्क

आर्चरी वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय महिला रिकर्व टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीत लिया। दीपिका कुमारी, अंकिता भगत और कुमुद मोहोद की तिकड़ी ने फाइनल मुकाबले में मेजबान चीन को रोमांचक ‘शूट ऑफ’ में हराकर इतिहास रच दिया। भारतीय टीम ने दबाव के बीच शानदार वापसी करते हुए 28-26 से जीत दर्ज की।

‘शूट ऑफ’ में दीपिका ने दिलाई यादगार जीत

फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। ‘शूट ऑफ’ में अंकिता भगत ने 9 अंक हासिल किए, जबकि 17 वर्षीय कुमुद मोहोद ने शानदार निशाना लगाकर 10 अंक जुटाए। इसके बाद भारत को जीत के लिए 8 अंक की जरूरत थी। ऐसे दबाव भरे माहौल में अनुभवी तीरंदाज दीपिका कुमारी ने 9 अंक हासिल कर भारत को शानदार जीत दिला दी। भारतीय खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन की देशभर में सराहना हो रही है।
पूरे टूर्नामेंट में भारत का दबदबा
भारतीय महिला रिकर्व टीम का पूरे टूर्नामेंट में प्रदर्शन शानदार रहा। भारत ने प्री-क्वार्टर फाइनल में उज्बेकिस्तान को 6-2 से हराकर जीत की शुरुआत की। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में वियतनाम को ‘शूट ऑफ’ में 5-4 से मात दी। वहीं सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने दुनिया की सबसे मजबूत मानी जाने वाली दक्षिण कोरिया की टीम को 5-1 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। इस जीत से टीम का आत्मविश्वास बढ़ा और फाइनल में चीन को हराकर भारत ने स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।

Tags - Indian Women Recurve Team Deepika Kumari Gold Medal Archery World Cup 2026 India Defeats China Archery World Cup News