logo

U-18 एशिया कप 2026 : खूंटी के आशीष पूर्ति की हैट्रिक की बदौलत भारत ने जापान को हराकर जीता खिताब 

PURTI06.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

झारखंड के खूंटी जिले के आशीष तानी पूर्ति की शानदार हैट्रिक की मदद से भारतीय पुरुष U-18 हॉकी टीम ने मेज़बान जापान पर 4-1 से बड़ी जीत हासिल की और एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम किया। पूर्ति ने दूसरे, 28वें और 34वें मिनट में गोल किए, जबकि कप्तान केतन कुशवाहा (30वें मिनट) ने भी गोल किया। भारत ने मेज़बान टीम के खिलाफ शानदार खेल दिखाते हुए खिताब अपने नाम किया। नुमादा गाकु (52वें मिनट) ने जापान के लिए एकमात्र गोल किया। 

हर खिलाड़ी के लिए 3 लाख मिलेगा

टीम की इस उपलब्धि को देखते हुए, हॉकी इंडिया ने गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय U-18 पुरुष हॉकी टीम के हर खिलाड़ी के लिए 3 लाख और सपोर्ट स्टाफ के हर सदस्य के लिए 1.5 लाख के नकद इनाम की घोषणा की। हॉकी इंडिया ने भारतीय U-18 महिला हॉकी टीम की हर खिलाड़ी के लिए ₹1 लाख और सपोर्ट स्टाफ़ के हर सदस्य के लिए ₹50,000 के नकद इनाम की घोषणा की। इस टीम ने आज ही ब्रॉन्ज़ मेडल जीता था। आशीष तानी पूर्ति को फ़ाइनल में शानदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ़ द मैच' चुना गया और 13 गोल के साथ उन्हें टूर्नामेंट का 'टॉप स्कोरर' भी माना गया। व्यक्तिगत सम्मानों में भी भारत का दबदबा रहा, जिसमें गोलकीपर आयुष रजक को टूर्नामेंट का 'बेस्ट गोलकीपर' चुना गया। महिला प्रतियोगिता में, भारत की नौशीन नाज़ 12 गोल के साथ 'टॉप स्कोरर' रहीं। इस तरह पुरुषों और महिलाओं के U-18 एशिया कप 2026 में भारत का अभियान यादगार रहा।


 

Tags - India defeating Japan hattrick Khunti Ashish Tani Purti