logo

Sports : BCCI के नए अध्यक्ष रोजर बिन्नी की ताजपोशी आज, महिला IPL और नीलामी पर होगा फैसला

binny.jpg

डेस्क:
BCCI की सलाना बैठक एजीएम (AGM) मंगलवार यानि आज होनी है। बैठक सुबह 11 बजे से शुरू होगी। बैठक शुरू होने से पहले ही कई चीजों पर मुहर लग गई है। पूर्व टेस्ट क्रिकेटर रोजर बिन्नी (Roger Binny) मौजूदा अध्यक्ष सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) की जगह लेंगे। 1983 वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य रहे बिन्नी 36वें अध्यक्ष होंगे। वहीं, जय शाह (jay shah) सचिव के रूप में बने रहेंगे।


बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरेंगे गांगूली!
अरुण धूमल IPL चेयरमैन के रूप में ब्रजेश पटेल की जगह लेंगे। जबकि देबजीत संयुक्त सचिव के रूप में पद संभालेंगे। आशीष शेलार नए कोषाध्यक्ष होंगे। इसी बीच, यह खबर आई कि गांगुली बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरेंगे। अब देखना है कि पूर्व भारतीय कप्तान के नाम पर विचार किया जाता है या नहीं। रिपोर्ट्स की मानें तो यह तय है कि ICC बोर्ड की बैठक में जय शाह ही भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

आईपीएल नीलामी की तिथि पर होगा फैसला
मंगलवार को आधिकारिक रूप से IPL चेयरमैन बन जाने के बाद अरुण धूमल नवगठित IPL संचालन परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसमें IPL नीलामी की तिथि पर फैसला किया जाएगा और पहले महिला आईपीएल को लेकर भी चर्चा होगी जिसका आयोजन बोर्ड आईपीएल से पहले मार्च में करवाना चाहता है। वहीं एजीएम के दौरान राज्य संघों के लिए 30-30 करोड़ रुपये की घोषणा होगी।