logo

एथलीट अंजली उरांव की मौत के बाद खिलाड़ियों का भड़का गुस्सा, हॉस्टल छोड़ सड़क पर उतरे

10.JPG

द फॉलोअप डेस्क

झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसाइटी, होटवार (JSSPS) की एक एथलीट कैडेट अंजली उरांव की मौत के बाद साथी खिलाड़ियों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज कैडेट्स हॉस्टल छोड़कर सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने लगे। JSSPS के प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बूटी मोड़ पहुंच गए। बताया जा रहा है कि कैडेट्स अपने हॉस्टल से बाहर न निकले इसके लिए प्रबंधन ने सभी मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के सभी गेट बंद करवा दिए थे। लेकिन फिर भी कैडेट्स नहीं रुके। उग्र कैडेट्स दीवार फांदकर बुटी मोड़ पहुंच गए। पुलिस प्रशासन ने उन्हें रोकने की काफी कोशिश की, मगर खिलाड़ियों को रोकने में वह नाकाम हुए। बताया जा रहा है कि खिलाड़ी जेएसएसपीएस के सीईओ से मिलने की मांग पर अड़े थे।

क्या है मामला
जेएसएसपीएस की एथलीट (लोहरदगा निवासी) अंजली उरांव का रविवार की सुबह निधन हो गया। सुबह में तबियत बिगड़ता देख कांके रोड स्थित सीसीएल के गांधी नगर अस्पताल में एडमिट कराने का प्रयास किया गया। मगर अस्पताल पहुंचने से पहले ही अंजली की सांस थम गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद जब पोस्टमार्टम के लिए रिम्स लाया गया तो बॉडी यहां घंटो पड़े रहने की बात कही गई।

प्रबंधन पर मनमानी का लगा रहे आरोप
JSSPS के लगभग 4 दर्जन कैडेट के एक महीने से बीमार रहने की बात कही जा रही है। खिलाड़ियों का आरोप है कि पहले इनका इलाज सीसीएल के गांधीनगर अस्पताल में होता था। दवाई भी वहीं एक दुकान से खरीदी जाती थी। लेकिन विभाग की एक महिला अधिकारी ने कटमनी के कारण उक्त दुकान की बजाय अपर बाजार के एक दुकान से दवा खरीदना तय कर दिया। बताया जा रहा है कि उक्त अधिकारी के निर्देश पर एक वार्डन अपर बाजार के उक्त दवा दुकान से दवाइयां लाकर कैडेट को देता है। आरोप है कि इस प्रक्रिया में दो से 4 दिनों का समय लगता है। जिसके कारण खिलाड़ियों का समय पर इलाज नहीं हो पाता।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT