logo

T-20 World Cup 2022 : सेमीफाइनल की 4 टीमें तय, फाइनल में फिर आमने-सामने हो सकता है भारत-पाकिस्तान 

icc.jpg

डेस्क:
टी-20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) के सेमीफाइनल में भिड़ने वाली चार टीमें तय हो गई है। रविवार को खेले गए पहले मैच में नीदरलैंड ने साउथ अफ्रीका को 13 रन से हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया है। नीदरलैंड की जीत से भारत सीधे सेमीफाइनल में पहुंच गया। वहीं रविवार को खेले गए दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर अपनी जगह पक्की कर ली। ग्रुप-2 से भारत और पाकिस्तान ने क्वालिफाई किया है। जबकि,ग्रुप-1 से न्यूजीलैंड और इंग्लैंड की टीमें सेमीफाइनल में पहुंची हैं। इन टीमों के बीच मुकाबला 9-10 नवंबर को मुकाबला होगा। 


पाकिस्तान की पलटी किस्मत
एक समय पाकिस्तान टीम टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर थी। लेकिन, रविवार को जब नीदरलैंड ने साउथ अफ्रीका को हरा दिया तो पाकिस्तान की किस्मत पलट गई। नीदरलैंड की जीत ने बाबर की टीम को एक और मौका दिया। पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराते हुए इस मौके का बखूबी इस्तेमाल किया।

जिंबाब्वे से जीतने पर इंग्लैंड से खेलेगा भारत
सेमीफाइनल में होने वाले मुकाबले की बात करें तो अगर भारत रविवार जिंबाब्वे को हरा देता है तो ग्रुप 2 में 8 अंकों के साथ टॉप पर पहुंच जाएगा। जिसके बाद सेमीफाइनल में उसका मुकाबला ग्रुप 1 में दूसरे स्थान के साथ रहने वाली इंग्लैंड टीम से होगा। इंग्लैंड ग्रुप 1 में 7 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहते हुए अंतिम चार में पहुंची है। वहीं न्यूजीलैंड का मुकाबला पाकिस्तान से होगा। 
न्यूजीलैंड बनाम पाकिस्तान- 9 नवंबर, सिडनी (दोपहर 1.30 बजे)
भारत बनाम इंग्लैंड- 10 नवंबर, एडिलेड (दोपहर 1.30 बजे) 


कहां देखे सेमीफाइनल मुकाबला
टी20 वर्ल्ड कप के दोनों सेमीफाइनल मैचों का लाइव प्रसारण भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा। वहीं इसकी लाइव स्ट्रीमिंग डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर भी उपलब्ध होगी। मोबाइल यूजर्स हॉटस्टार ऐप के साथ जियो टीवी जैसी टीवी ऐप पर भी मैच देख सकते हैं।