logo

ब्लैक मार्केट में बिक रहा 81 करोड़ भारतीयों का आधार डेटा, रिपोर्ट में और क्या पता चला

cyber_c1.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

डार्क वेब पर 81 करोड़ भारतीयों का गुप्त और निजी डेटा बेचा जा रहा है। इनमें मुख्य रूप से आधार कार्ड और पासपोर्ट से संबंधित डेटा हैं। भारतीयों का डेटा के लीक होने की जानकारी अमेरिकी साइबर सिक्योरिटी कंपनी रिसिक्योरिटी ने दी है। इस रिपोर्ट में कहा गया है एक हैकर ने भारतीयों का ये निजी डेटा कई एजेंसियों के कंप्यूटर में स्टोर हार्ड डिस्क से हासिल की है। अब इस जानकारी को ब्लैक मार्केट में बेचने की कोशिश की जा रही है। डेटा खऱीद-बिक्री की ये पूरी प्रक्रिया डार्क वेब पर की जा रही है। गौतलब है कि डार्क वेब दुनियाभर में गैरकानूनी सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए बदनाम है। डार्क वेब तक कंप्यूटर के आम यूजर और सिक्योरिटी एजेंसियों की पहुंच मुश्किल होती है। हैकर इसी का लाभ उठाते हैं। बहरहाल, डेटा चोरी करने वाले इस हैकर का नाम pwn0001 बताया जा रहा है। 

एक लाख कंप्यूटर फाइल्स की चोरी

एक भारतीय न्यूज एजेंसी ने कहा है कि हैकर ने लगभग 1 लाख कंप्यूटर फाइल्स की चोरी की है। ये डेटा अलग-अलग सरकारी विभागों के कंप्यूटर से चोरी किये गये हैं। इसमें मुख्य रूप से आधार कार्ड और लोगों के पासपोर्ट से संबंधित फाइल्स हैं। वहीं इंडिया टूडे ने अपने शोध के हवाले से इस बात की तस्दीक की है कि डेटा लीक में भारतीय नागरिकों के 1 लाख कंप्यूटर फाइल्स शामिल हैं। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि चूंकि फाइल्स विभिन्न विभागों के कंप्यूटर से हैक किय गये हैं, इसलिए ये बताना मुश्किल है कि हैकर ने कहां-कहां से फाइल्स हासिल किया है।

कोविड-19 के टेस्ट से संबंधित जानकारियां भी हैक 

डार्क वेब पर बेची जा रही इस निजी जानकारी में कोविड-19 के टेस्ट से संबंधित जानकारियां भी शामिल हैं जो भारत की कई सरकारी एजेंसियों के पास है। जैसे कि NIC (नेशनल इंफोर्मेटिक सेंटर), ICMR (इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च) और हेल्थ मिनिस्ट्री। हालांकि कई जानकारों का मानना है कि निजी डेटा को ICMR के कंप्यूटरों से हैक किया गया है। एक अनुमान के मुताबिक हैक किये गये डेटा को 80 हजार डॉलर यानी लगभग 70 लाख रुपये में बेचने का प्रयास हो रहा है। भारत सरकार ने इस मामले की जांच के लिए सीबीआई को आदेश जारी किया है। रिपोर्ट्स में बताया गया है कि ये भारतीय इतिहास में डेटा की अब तक की सबसे बड़ी हैकिंग यानी चोरी है।