logo

मोरक्को में कांपी धरती, 6.8 की तीव्रता का भूकंप; 296 की मौत

moro.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
अफ्रीकी देश मोरक्को में शुक्रवार देर रात शक्तिशाली भूकंप के झटके महसूस किए गए। इस भूकंप में 296 लोगों की जान चली गई और 153 लोग घायल हो गए हैं। रिक्टर पैमाने पर 'भूकंप की तीव्रता 6.8 मापी गई है। जोरदार भूकंप के बाद लोग घबराकर अपने-अपने घर छोड़कर भाग गए। कुछ घर तो मलबे में तब्दील हो गये। वहीं कुछ ऐतिहासिक इमारतों को भारी नुकसान हुआ है और बिजली की कटौती भी हो गई है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने कहा कि भूकंप रात 11:11 बजे मार्राकेश से 44 मील (71 किलोमीटर) दक्षिण-पश्चिम में 18.5 किलोमीटर की गहराई पर आया।  


भारत हर मदद के लिए तैयार 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुखद घटना को लेकर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीटर पर लिखा, 'मोरक्को में भूकंप के कारण हुई जानमाल की हानि से अत्यंत दुख हुआ। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं मोरक्को के लोगों के साथ हैं। उन लोगों के प्रति संवेदना जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। घायल जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। भारत इस कठिन समय में मोरक्को को हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है।' अफ़्रीकी और यूरेशियाई प्लेटों के बीच स्थित होने के कारण मोरक्को के उत्तरी क्षेत्र में अक्सर भूकंप आते रहते हैं. पूर्वोत्तर मोरक्को के अल होसेइमा में 2004 के दौरान आए तेज भूकंप के झटकों की वजह से कम से कम 628 लोग मारे गए और 926 घायल हो गए थे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N