logo

कंसर्ट हॉल में बड़ा आतंकी हमला, 60 की मौत; इस कुख्यात आतंकी संगठन ने ली हमले की जिम्मेदारी

consert.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
रूस की राजधानी मॉस्को के एक कंसर्ट हॉल में बड़ा आतंकी हमला हुआ है। जानकारी के मुताबिक 5 लड़ाकू वर्दी पहनकर आतंकी हॉल में घुसे और दनानदन गोलियां बरसाने लगे। इस हादसे में अभी तक 60 लोगों की मौत हो गई है और 145 लोग घायल हुए हैं। घटना क्रोकस सिटी हॉल की है। इस्लामिक स्टेट समूह (ISIS) ने इस गोलीबारी की जिम्मेदारी ली है। इस हादसे पर पीएम मोदी ने दुख जताया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्‍लेफॉर्म 'एक्‍स' पर कहा, "हम मॉस्को में हुए जघन्य आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हैं. हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। दुख की इस घड़ी में भारत रूसी सरकार और लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है।


अभी भी कई लोग फंसे हैं
फायरिंग के बाद कंसर्ट हॉल में आग लग गई। वहीं, रूसी जांच एजेंसी इस गोलीबारी की जांच में जुट गई है। जैसे ही गोलीबारी की जानकारी हुई वैसे ही रूसी सेना के जवान मौके पर पहुंचे और एंटी टेरर अभियान शुरू किया। कंसर्ट हॉल में सैकड़ों लोगों के फंसे होने की खबर मिली है। वहीं, 70 से अधिक एंबुलेंस को भी भेजा गया है। रूसी न्यूज की रिपोर्ट्स के मुताबिक हॉल में बम भी फेंके गए हैं। सोशल मीडिया पर हमले के कई वीडियो भी वायरल हो रहे हैं। रूसी सेना आतंकियों को खत्म करने के लिए हॉल में घुस चुकी है। मॉस्को में हुए आतंकी हमले के बाद वह थिएटर जलकर राख हो गया है, जहां कंसर्ट चल रहा था। बताया जा रहा है कि यह हमला पिकनिक रॉक बैंड के एक म्यूजिक कंसर्ट के दौरान हुआ। मॉस्को हमले के एक प्रत्यक्षदर्शी ने न्यूज एजेंसी AFP को बताया कि पिकनिक रोक बैंड का कंसर्ट शुरू होने से कुछ मिनट पहले अचानक गोलीबारी शुरू हो गई।इसके बाद चीख-पुकार मच गई और अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे।


इस्लामिक स्टेट ने ली जिम्मेदारी 
इस्लामिक स्टेट ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए एक बयान में मॉस्को में हुए हमले की जिम्मेदारी ली है। अपनी अमाक समाचार एजेंसी पर एक बयान पोस्ट कर संगठन ने हमले की पूरी जिम्मेदारी ली है। बयान में समूह ने कहा कि उसने रूसी राजधानी मॉस्को के बाहरी इलाके क्रास्नोगोर्स्क शहर में ईसाइयों की एक बड़ी सभा पर हमला किया, जिसमें बड़ी तादाद में लोग मारे गए और सैकड़ों घायल हुए हैं।