जमशेदपुर
टाटा स्टील के प्लांट में बड़ा हादसा हुआ है। जहां हॉट स्ट्रिप मिल (एचएसएम) में गिरने से एक ठेका कर्मचारी की मौत हो गयी है। मृतक ठेका कर्मचारी बिजय कुमार पाणिग्रही विवेक कंस्ट्रक्शन के अंतर्गत कार्यरत था। घटना सोमवार रात करीब 8 बजे के आसपास की बतायी जा रही है। कंपनी की ओर से इसकी अधिकारिक पुष्टि भी की गयी है और कहा गया है कि यह बताते हुए बहुत दुख हो रहा है कि सोमवार की शाम एचएसएम में विवेक कंस्ट्रकशन के वेंडर कर्मचारी बिजय कुमार पाणिग्रही की मौत हो गयी हैं। वे लोग इस घड़ी में परिवार के साथ हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, हॉट स्ट्रिप मिल (एचएसएम) के फर्नेंस एरिया में यह हादसा हुआ है। इस दौरान कर्मचारी बिजय कुमार पाणिग्रही मैकेनिकल मेंटेनेंस में काम कर रहा था। मौके पर फर्नेंस एक शट डाउन लेकर मेंटनेंस करने के बाद ट्रायल किया जा रहा था। इसी बीच फर्नेस डिस्चार्ज डोर एरिया से उनको ऊपर से जाना था। लेकिन, उक्त कर्मचारी ने शार्ट कट अपनाया, जिससे वहां ट्रायल में चल रहे फर्नेंस एक्सट्रैकटर की चपेट में आ गया। जिससे वे बुरी तरह घायल हो गये। इसके बाद उन्हें तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें जांच कर मृत घोषित कर दिया। इधर, इस पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटना की जानकारी फैक्ट्री इंस्पेक्टर को भी दे दी गयी है। फैक्ट्री इंस्पेक्टर मंगलवार को घटना की जानकारी हासिल करेंगे। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा जायेगा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गयी है।