logo

रघुवर काल के इन पांच मंत्रियों को बड़ी राहत, आय से अधिक संपत्ति मामले में दर्ज याचिका हाईकोर्ट ने की खारिज

5_सोल.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 

रघुवर काल के पांच मंत्रियों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में दायर याचिका पर आज हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के बाद झारखंड हाईकोर्ट ने याचिका खारिज कर दी। बता दें कि उन पांच मंत्रियों में अमर कुमार बाउरी, रणधीर सिंह, डॉ नीरा यादव, लुईस मरांडी और नीलकंठ सिंह मुंडा शामिल हैं। 


क्या था याचिका में
दरअसल, साल 2020 में सोशल एक्टिविस्ट पंकज कुमार यादव ने पांच मंत्रियों की आय से अधिक संपत्ति को लेकर जनहित याचिका दायर की थी। उनका आरोप था कि 2014 के चुनाव के वक्त अमर बाउरी ने 7.33 लाख की संपत्ति का ब्यौरा दिया था। यह संपत्ति 2019 में 89.41 लाख दिखाई गयी। रणधीर सिंह ने 2014 में 88.92 लाख की संपत्ति दिखाई थी जो 2019 में 5.06 करोड़ हो गई। डॉ नीरा यादव ने 2014 में 80.59 लाख संपत्ति का ब्यौरा दिया था। उनकी संपत्ति 2019 में 3.65 करोड़ हो गई थी। लुईस मरांडी के पास साल 2014 में 2.25 करोड़ की संपत्ति थी जो 2019 में 9.06 करोड़ हो गई। वहीं नीलकंठ सिंह मुंडा के पास 2014 में 1.46 करोड़ की संपत्ति 2019 में 4.35 करोड़ हो गई थी। याचिकाकर्ता ने 2014 से 2019 के बीच 100 से 1100 प्रतिशत संपत्ति में इजाफे पर सवाल उठाया था।

हेमंत सरकार ने एसीबी को दिया था जांच का जिम्मा
इस मामले में हेमंत सरकार ने 26 जुलाई 2023 को कैबिनेट की बैठक में एसीबी को पांचों पूर्व मंत्रियों के खिलाफ जांच की स्वीकृति दे दी थी। जानकारी के मुताबिक प्रारंभिक जांच में एसीबी ने इस बात का जिक्र किया था कि सभी पांचों पूर्व मंत्रियों की संपत्ति में अप्रत्याशित इजाफा हुआ है। इसी आधार पर एसीबी ने सभी के खिलाफ अलग-अलग पीई दर्ज किया था।