logo

जमशेदपुर में बच्चे के अपहरण की नाकाम कोशिश, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

vindo.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र स्थित कुली रोड में सोमवार रात एक बच्चे के अपहरण की नाकाम कोशिश से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात एक स्कूटी पर सवार तीन अज्ञात युवक कुली रोड पहुंचे। इसी दौरान सड़क किनारे मौजूद एक बच्चे को उन्होंने जबरन उठाने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाश बच्चे को लेकर भागने ही वाले थे कि वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा। बच्चे की आवाज सुनकर आसपास के लोग सतर्क हो गये और मौके की ओर दौड़ पड़े।


स्थानीय लोगों की हलचल और शोर-शराबा बढ़ता देख आरोपी घबरा गये और बच्चे को वहीं छोड़कर स्कूटी से फरार हो गये। बताया जा रहा है कि पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में तीन युवक स्कूटी से आते और बच्चे को उठाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है। मामले की सूचना मिलते ही आजादनगर थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी गई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपियों की पहचान में जुट गई है।