द फॉलोअप डेस्कः
जमशेदपुर के छोटा गोविंदपुर में रामनवमी झंडा विसर्जन जुलूस के दौरान झंडा हाई टेंशन तार से सट गया। जिससे 5 व्यक्ति झुलस गये। दरअसल, परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटा गोविंदपुर के समता नगर में रामनवमी झंडा अखाड़ा जुलूस के दौरान झंडा का ऊपरी हिस्सा 11 हजार वोल्ट के तार के सम्पर्क में आ गया। तार से सटते ही पांच व्यक्ति घायल हो गए। मौके पर पुलिस पहुंची और तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां फिलहाल सभी घायलों का इलाज चल रहा है। पांच घायलों में से एक की स्थिति गंभीर बनी हुई है। जिसे टाटा मुख्य अस्पताल रेफर कर दिया गया है। बाकी अन्य चार घायलों का इलाज टाटा मोटर्स अस्पताल में चल रहा है। घायलों में विजय कुमार दे, विजय कुमार, शमी कुमार प्रसाद, संजय कुमार सिंह और प्रदीप वर्मा शामिल है।