logo

जमशेदपुर में छत से गिरकर संदिग्ध परिस्थिति में नवविवाहिता की मौत, पति पर हत्या का आरोप 

deadbodyyyy2.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
जमशेदपुर  के परसुडीह थाना क्षेत्र के चांदनी चौक के पास 3 मंजिले मकान की छत से शुक्रवार को गिरकर संदिग्ध परिस्थिति में नवविवाहित रानी कुमारी (19) की मौत हो गयी थी। मामले में पुलिस ने शनिवार को मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद परिजनों को पुलिस ने शव सौंप दिया। वहीं, मृतका के पति इकबाल राम को हिरासत में रखकर पुलिस पूछताछ कर रही है। इस पूरी कार्रवाई के दौरान मृतका का पति इकबाल राम भी मौजूद था। घटना से आक्रोशित रानी के रिश्तेदारों ने यहां उसकी पिटाई कर दी। हालांकि पुलिस ने बीच बचाव कर मामले को शांत कराया। थाना प्रभारी फैज आलम के अनुसार महिला के गले पर निशान मिले है, जिससे यह प्रतीत होता है कि उसकी हत्या गला दबाकर की गयी होगी। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।

इधर, बिहार के पश्चिमी चंपारण से रानी की मां कुंती देवी तथा चाचा मनोज राम शनिवार को जमशेदपुर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत दी है, जिसमें दामाद इकबाल राम के द्वारा गला दबाकर हत्या करने की आशंका जताई गयी है। शिकायत में बताया गया है कि उन्होंने रानी कुमारी की शादी 21 फरवरी 2024 को पश्चिमी चंपारण के ही रहने वाले और रेलकर्मी इकबाल राम से की थी। शादी के बाद इकबाल का ट्रांसफर जमशेदपुर में हो गया और वह यहां आकर भाड़े के मकान में रह रहा था। परिजनों के अनुसार उन्होंने करीब 20 लाख रुपये शादी में खर्च किया था और दहेज भी दिया था। शादी के बाद 2 महीने सब कुछ ठीक रहा। उसके बाद इकबाल राम द्वारा 10 लाख रुपये और चार चक्का वाहन की मांग की जाने लगी। तब रानी कुमारी के मायके वालों ने और दहेज देने से इनकार कर दिया। उसके बाद इकबाल राम द्वारा अपनी पत्नी रानी कुमारी को प्रताड़ित किया जाने लगा। इसकी शिकायत रानी ने पूर्व में पुलिस से की थी। लेकिन, पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे इकबाल की हिम्मत बढ़ी और अंतत उसने अपनी पत्नी की हत्या गला दबाकर कर दी और हत्या को दुर्घटना साबित करने के लिए शव को 3 तल्ले से नीचे फेंक दिया।

Tags - Jharkhand News Jamshedpur News Jamshedpur Latest News death of newly married woman