logo

गुमला में गजराज का आतंक, 2 लोगों को कुचलकर मार डाला 

ELEPHANTS.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
गुमला जिले में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को हाथियों ने 3 लोगों पर हमला किया, जिसमें 2 की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यक्ति का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। रायडीह थाना क्षेत्र के डेरांगडीह गांव में 45 वर्षीय जेम्स कुजूर शनिवार को अंबाकोना जंगल में महुआ चुनने गए थे। इस दौरान एक जंगली हाथी से उनका सामना हो गया। हाथी ने उन पर हमला कर दिया और कुचलकर उनकी जान ले ली। रविवार को पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।  

अल्बर्ट एक्का प्रखंड में 2 ग्रामीणों पर उनके घर के आंगन में हाथी ने हमला कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने शोर मचाकर हाथी को भगाया, लेकिन 50 वर्षीय अरविंद सिंह राजावत गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को डूमरी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन इलाज के दौरान एक घायल की मौत हो गई।  

वन विभाग ने हाथी के हमले में जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों को तत्काल 10,000 रुपये की सहायता राशि दी है। आगे की कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद 3.90 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। रेंजर जगदीश राम ने ग्रामीणों से जंगल में न जाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हाथी अभी भी जंगल में घूम रहे हैं और अगर कोई उनके सामने आ गया, तो वे हमला कर सकते हैं। वन विभाग माइक्रोफोन से अनाउंसमेंट कर लोगों को सतर्क कर रहा है।

 


 

Tags - Jharkhand News Gumla News Gumla Latest News Elephant Attack 2 killed