द फॉलोअप डेस्कः
गुमला जिले में एक महिला की हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा है कि अंधविश्वास में पड़कर महिला की हत्या की गई है। महिला की पहचान फट्टी बगीचा टोली निवासी 50 वर्षीय मैनो देवी के रूप में हुई है। आरोपी ने शव को खटवा नदी के बालू में दफना दिया। मृतका के बेटे भीम उरांव ने पुलिस को बताया कि उसकी मां शुक्रवार से लापता थीं। उसने इसकी शिकायत थाने में की थी। एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में एसएसबी और डॉग स्क्वायड की टीम ने तलाश शुरू की। जांच में एक चप्पल और तौलिया बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी करमपाल लकड़ा ने हत्या की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने खटवा नदी से शव बरामद किया।
मामले की जड़ में साल 2019 की एक घटना है। करमपाल की भाभी की सांप काटने से मौत हो गई थी। उसने मैनो देवी पर डायन होने का आरोप लगाया था। इस मामले में पहले थाना में शिकायत की गई थी, जिसका समझौता करा दिया गया था। लेकिन करमपाल के मन में बदले की भावना थी, जिसके चलते उसने इस घटना को अंजाम दिया। मामले पर एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने कहा हत्या के कारणों का छानबीन किया जा रहा है।