logo

असम में उद्योगों के लिए नई पहल, संबंधित स्थानों पर लैंड बैंक और इंडस्ट्रियल एस्टेट बनाएगी सरकार

असम में उद्योगों के लिए नई पहल, संबंधित स्थानों पर लैंड बैंक और इंडस्ट्रियल एस्टेट बनाएगी सरकार

द फॉलोअप डेस्क 
असम सरकार निवेश आकर्षित करने और उपयुक्त ज़मीन की कमी को दूर करने के लिए रणनीतिक जगहों पर लैंड बैंक बनाने और इंडस्ट्रियल एस्टेट विकसित करने पर काम कर रही है। गुरुवार को नलबाड़ी के बनेकुची में पेप्सिको इंडिया की 787 करोड़ रुपये की फूड मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के उद्घाटन के मौके पर प्रेस से बात करते हुए मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि उपयुक्त ज़मीन की कमी के कारण असम में इंडस्ट्री नहीं लग पा रही हैं। सरमा ने कहा, "हमें ज़मीन की ज़रूरत है। कई इंडस्ट्री असम आना चाहती हैं, लेकिन उपयुक्त ज़मीन न होने के कारण वे नहीं आ पाईं। इसलिए, अब हम लैंड बैंक बनाने की कोशिश कर रहे हैं। जहां भी ज़मीन मिलेगी, हम वहीं इंडस्ट्री ले जाएंगे।" उन्होंने कहा कि सरकार इंडस्ट्रियल एस्टेट विकसित करने के लिए खास तौर पर रेलवे स्टेशनों और हाईवे के पास ज़मीन देख रही है। 

रेलवे स्टेशनों और हाईवे के पास उपयुक्त ज़मीन की ज़रूरत

मुख्यमंत्री ने कहा, "इंडस्ट्रियल एस्टेट बनाने के लिए हमें रेलवे स्टेशनों और हाईवे के पास उपयुक्त ज़मीन की ज़रूरत है। ऐसी जगहों पर जहाँ भी हमें ज़मीन मिलेगी, हमने वहां इंडस्ट्रियल एस्टेट बनाने का फैसला किया है।" उन्होंने कहा कि पेप्सिको की यह यूनिट बड़े पैमाने पर मैन्युफैक्चरिंग के लिए ज़रूरी इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ स्थानीय संसाधनों को जोड़ने वाले ऐसे निवेश की क्षमता को दिखाती है। बनेकुची में 787 करोड़ रुपये की इस यूनिट से 200 से ज़्यादा प्रत्यक्ष और 500 अप्रत्यक्ष रोज़गार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है, और इसकी लगभग 75% वर्कफोर्स में महिलाएँ होंगी। सरमा ने कहा, "लगभग 120 महिलाओं को डिजिटल साक्षरता की ट्रेनिंग भी दी जाएगी।"

तत्कालीन उद्योग मंत्री चंद्र मोहन पटोवारी के साथ आधारशिला रखी थी

यह याद करते हुए कि उन्होंने 3 सितंबर, 2023 को तत्कालीन उद्योग मंत्री चंद्र मोहन पटोवारी के साथ इस यूनिट की आधारशिला रखी थी, सरमा ने इस प्रोजेक्ट को असम लाने में पटोवारी की मदद का श्रेय दिया। उन्होंने कहा, "जब आप चिप्स का पैकेट खरीदते हैं, तो आमतौर पर देखते हैं कि यह उत्तर प्रदेश, कर्नाटक या महाराष्ट्र में बना है। अब से, आप असम के बनेकुची में बने पैकेट देखेंगे, और ये उत्पाद पूरे देश में जाएँगे।" इस प्रोजेक्ट से स्थानीय आलू किसानों के लिए भी एक बड़ा बाज़ार बनने की उम्मीद है। शर्मा ने कहा कि पेप्सिको को अभी लगभग 30,000 मीट्रिक टन आलू की ज़रूरत है और 2030 तक यह ज़रूरत बढ़कर 70,000 मीट्रिक टन हो जाने की उम्मीद है।

 

हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/HH6GR1oBwB77Vy5eBcnoFo

Tags - Assam Investment Land Bank Industrial Estate Himanta Biswa Sarma PepsiCo