logo

IPL 2022 : महेंद्र सिंह धोनी ने छोड़ दी चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी, रविंद्र जडेजा को मिली कमान

msjaddu.jpg

डेस्क: 

महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी छोड़ दी है। फ्रेंचाइजी ने रविंद्र जडेजा को टीम की कमान सौंपने का फैसला किया है। गौरतलब है कि महेंद्र सिंह धोनी इंडियन प्रीमियर लीग की शुरुआत यानी साल 2008 से ही सीएसके की कप्तानी करते आए हैं। उनकी कप्तानी में सीएसके ने 4 बार आईपीएल का खिताब जीता।

5 बार उपविजेता रही। यही नहीं! धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स को 2 बार चैंपियंस लीग का भी खिताब दिलाया। अब धोनी ने इस विरासत को अगली पीढ़ी को सौंपने का फैसला किया है। 

धोनी ने खुद के ऊपर जडेजा को तरजीह दी
गौरतलब है कि जब इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन के लिए रिटेंशन हो रहा था, तब धोनी ने खुद से ऊपर रविंद्र जडेजा को रिटेन करने की अपील फ्रेंचाइजी से की थी। तब फ्रेंचाइजी ने रविंद्र जडेजा के लिए पहला रिटेंशन कार्ड इस्तेमाल किया था।

जडेजा को 16 करोड़ रुपये मिले थे। धोनी दूसरे नंबर पर रिटेन किए गये। उनको 12 करोड़ रुपये मिले। फ्रेंचाइजी ने इनके अलावा युवा रितुराज गायकवाड़ और इंग्लैंड के बेहतरीन ऑलराउंडर मोईन अली को रिटेन किया था। गौरतलब है कि जब धोनी ने खुद के ऊपर जडेजा को तरजीह दी,तभी से कयास लग रहे थे कि धोनी कप्तानी छोड़ सकते हैं। 

26 मार्च से होगा आईपीएल-2022 का आगाज
बता दें कि इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का आगाज 26 मार्च से हो रहा है। पहला मुकाबला गत विजेता चेन्नई सुपर किंग्स और उपविजेता कोलकाता नाइट राईडर्स के बीच खेला जायेगा। धोनी का संभवत ये आखिरी आईपीएल होगा। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से धोनी अगस्त 2020 में ही संन्यास ले चुके हैं। ऐसा पहली बार होगा जब धोनी पीली जर्सी में होंगे लेकिन टीम की कप्तानी नहीं करेंगे। हालांकि, धोनी का मैदान में होना ही काफी होगा। वो जडेजा का मार्गदर्शन जरूर करेंगे।